सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
बस्तर संभाग।नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों, आरएमए, एएनएम सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने आज बस्तर संभाग के सभी जिलों के भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्षों को ज्ञापन सौंपा, जिसमें 11 महीने से लंबित CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के तत्काल भुगतान की मांग की गई।
इस प्रतिनिधिमंडल में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव और जगदलपुर के स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पिछले कई महीनों से लगातार पत्र, विरोध, ब्लैक रिबन प्रदर्शन और OPD बहिष्कार के बावजूद अब तक एक भी आदेश जारी नहीं किया गया, जबकि डॉक्टरों और नर्सों ने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निरंतर सेवाएं जारी रखी हैं, जिनमें नक्सल पोस्टमार्टम, बम धमकी क्षेत्रों में ट्रायेजिंग और अंदरूनी जंगल क्षेत्रों तक चिकित्सा पहुंचाने का कठिन कार्य शामिल है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि—
“केंद्र सरकार ने CRMC के लिए आवश्यक धनराशि राज्य सरकार को पहले ही जारी कर दी है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा आदेश जारी न होने से हजारों स्वास्थ्यकर्मी आर्थिक और मानसिक दोनों स्तर पर प्रभावित हो रहे हैं।”
डॉक्टरों ने मांग की कि
MD NHM , संजीव झा और स्वास्थ्य मंत्री , श्याम बिहारी जायसवाल जी तत्काल आदेश जारी कर लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का मनोबल टूटने न पाए।
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि
यदि 11 दिसंबर 2025 तक आदेश जारी नहीं हुआ, तो आंदोलन और कठोर रूप धारण करेगा, जिसमें पूर्ण OPD बहिष्कार भी शामिल होगा।
आंदोलनकारियों ने कहा—
“हम जनता के हित में आपातकालीन सेवाएँ जारी रखेंगे, पर अब सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।”



