बेमेतरा :- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार जिले मे नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष के चुनाव में मतदाता ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का प्रयोग कर अपने मतदान का अधिकार सुनिश्चित करेंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए ईवीएम से मतदान की व्यवस्था की गई है |
अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया
मतदाता सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे। ईवीएम पर सफेद रंग के लेबल में सभी प्रत्याशियों के नाम होंगे। मतदाता को अपनी पसंद के अभ्यर्थी के नाम के सामने स्थित बटन को दबाना होगा।
बटन दबाते ही एक छोटी बीप की आवाज सुनाई देगी, जो इस बात की पुष्टि करेगी कि आपका वोट सफलतापूर्वक दर्ज हो गया है।
पार्षद पद के लिए मतदान प्रक्रिया
इसके बाद मतदाता को पार्षद पद के लिए मतदान करना होगा। मतदाता को अपनी पसंद के पार्षद के नाम के सामने स्थित बटन को दबाना होगा।
बटन दबाने पर एक लंबी बीप की आवाज आएगी, जो यह सुनिश्चित करेगी कि मतदान सफलतापूर्वक हो गया है। इस बीप के साथ ही आपका मतदान पूर्ण हो जाएगा।
ईवीएम का महत्व और पारदर्शिता
ईवीएम का उपयोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए किया जा रहा है। ईवीएम के माध्यम से मतदान में गड़बड़ियों की संभावना न के बराबर होती है, साथ ही मतों की गिनती में भी अधिक पारदर्शिता रहती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।



