सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में जनकल्याण और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की यह अभिनव पहल नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान भी करेगी ही बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी समीक्षा और प्रशासन तथा जनता के बीच सशक्त संवाद को भी साकार करेगी।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में 11 अपै्रल को सुशासन तिहार सह जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन ग्राम कोहकामेटा में आयोजित किया गया। उन्होंने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के लिए सभी ग्राम पंचायतों में समाधान पेटी लगाई जाए ताकि लोगों की मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन आसानी से समाधान पेटी में जमा कर सके।
जिले के सम्माननीय नागरिकों के शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, जन कल्याण एवं चहुमुंखी विकास के लिये कार्य करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार लोक शिकायतों के त्वरित निराकरण, विकास कार्यों के आवश्यकतानुसार स्वीकृत करने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायत एवं हाट बाजार के दिन शिविर लगाकर प्राप्त आवेदनों को निराकरण करने हेतु शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिला स्तरीय शिविरों में जिला स्तर के अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने निर्देशित किया गया है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी ने जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते कहा कि विभागीय अधिकारी प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण निराकरण करें, साथ ही आवेदक को लिखित में सूचना भी दें। उन्होेंने आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण करने निर्देशित किये। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला एवं बच्चों का सर्वागीण विकास के योजनाओं का जानकारी देते हुए शत प्रतिशत लाभ उठाने की अपील किया।
शिविर में गर्भवती माताओं का गोद भराई और बच्चों को अनप्रासन उपस्थित जनप्रतिनिधियों के द्वारा कराया गया। अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने ग्राम पंचायतों के सरपंचो से आग्रह करते हुए कहा कि पेंशनधारी और महतारी वंदन योजना के लाभार्थी माता बहनों के बैंक संबंधी समस्या का निराकरण कराने के लिए लिखित में प्रत्येक सोमवार को जनदर्शन में आवेदन के साथ सूचित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिविर में लगाई गई विभागीय स्टालों का अवलोकन करते हुए प्राप्त आवेदनों का जानकारी लिया। शिविर में पशुधन विकास, पशुधन आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत अक्षय उर्जा, उद्यानिकी और कृषि विभाग के अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्रामीणों को जानकारी देकर लाभान्वित करने के निर्देश दिये। जनसमस्या निवारण शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
अपर कलेक्टर श्री पंचभाई ने शिविर में आये ग्रामीणों से उनकी समस्याओं, मांगों आदि के बारे में जानकारी लेकर शीघ्र निराकरण करने के भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर करने का आश्वासन दिया।
शिविर में क्षेत्र के जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम, उपाध्यक्ष मगंड़ूराम नुरेटी, सरपंच कोहकामेटा रोशनी पुजारी और पंचगण, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, तहसीलदार चिराग रामटेके, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिलांग, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी, जिला स्तरीय अधिकारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।



