सुरेश सोनी की रिपोर्ट:-
नारायणपुर। आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर प्रति वर्ष मनाया जाने वाला भगवान जगन्नाथ जी का रथयात्रा पर्व इस वर्ष 27 जून, शुक्रवार को पूरे श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। रथयात्रा आयोजन के लिए श्री हनुमान मंदिर (पुराना बस स्टैंड) परिसर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ‘श्री श्रीगोंचा आयोजन समिति’ का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से तेजप्रकाश सोनी को समिति का अध्यक्ष चुना गया, जबकि रोमी कुमार को उपाध्यक्ष, सुदीप झा को सचिव एवं हेमन्त संचेती को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
समिति अध्यक्ष श्री सोनी ने बताया कि इस वर्ष की रथयात्रा 27 जून को जगदीश कला मंदिर, नारायणपुर से प्रारंभ होकर शहर भ्रमण करते हुए पुराना बस स्टेण्ड स्थित हनुमान मंदिर के गुंडिचा मंडप पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान के श्रीविग्रहों के दर्शन, पूजन और प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार रथयात्रा में सम्मिलित हों और इस पुण्य अवसर का लाभ लें।
आयोजन समिति ने जिले की समस्त रामायण मंडलियों (महिला एवं पुरुष), मानसगान समितियों और संगीत मंडलों से आग्रह किया है कि वे गुंडिचा मंडप में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर इस पर्व को और भी दिव्य एवं भव्य बनाएं।
समिति की ओर से बताया गया कि रथयात्रा कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और शहरवासियों से विशेष सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव के रूप में, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन सके।



