
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर | ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी रतनपुर एक बार फिर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गई। नगर पालिका परिषद रतनपुर के तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत शहीद नूतन सोनी को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन नगर के हृदयस्थल पर किया गया। इस अवसर पर वीर शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए और उनके शौर्य व बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लव कुश कश्यप, पार्षद सुनील अग्रवाल संटी, मनोज पाटले, रामपाल श्रीवास, अर्चना संतोष सोनी, इंदु यादव, कुलदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं युवावर्ग उपस्थित रहे। भावविभोर वातावरण में हर आंखें नम थीं और हृदय गौरव से भरा हुआ था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा—
“शहीद नूतन सोनी सिर्फ नाम नहीं, बल्कि बलिदान, साहस और राष्ट्रप्रेम की जीवंत मिसाल हैं। जब-जब देश पर संकट आया है, तब-तब रतनपुर जैसे गांव-नगरों के बेटे सीना तानकर खड़े हुए हैं। शहीद नूतन सोनी उन्हीं में से एक अमर सपूत हैं, जिनका नाम हमेशा इस नगर की मिट्टी में गूंजता रहेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की आत्मा में समाहित हो जाते हैं। उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा और वीरता की प्रेरणा देता रहेगा।
नगरवासियों ने भी इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि रतनपुर की पावन भूमि को गर्व है कि उसने नूतन सोनी जैसे अमर सपूत को जन्म दिया, जिनकी गाथा आज भी हर दिल में जीवंत है।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी उपस्थित जनों ने शांति और एकता का संदेश देते हुए शहीद की स्मृति को नमन किया l



