
अमित दुबे की रिपोर्ट;-
13 दिन से लापता मासूम, गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा, उम्मीद और चिंता के बीच झूल रहे परिजन
भरारी (रतनपुर) – रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरारी की गलियों में पिछले 13 दिनों से एक अजीब सन्नाटा पसरा हुआ है। हर किसी के दिल में एक ही सवाल गूंज रहा है – “आखिर चिन्मय कहां है?”
बीते 31 जुलाई की शाम, महज 13 वर्ष का चिन्मय सूर्यवंशी अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन फिर कभी घर नहीं लौटा। कक्षा आठवीं का यह मासूम छात्र कब, कहां और कैसे गुम हो गया – यह रहस्य अब तक किसी की समझ में नहीं आया।
परिजनों के लिए हर गुजरता दिन भारी हो रहा है। मां की आंखें हर मोड़ और रास्ते पर बेटे को तलाशती हैं, पिता के मन में अनगिनत सवाल और डर घर कर गया है। गांव के लोग भी उम्मीद और चिंता के बीच जी रहे हैं। पुलिस की लगातार तलाश और पूछताछ के बावजूद अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
इसी बीच, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि एवं किसान कांग्रेस नेता विनय शुक्ला आगे आए हैं। उन्होंने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति चिन्मय के बारे में पुख्ता और सही जानकारी देगा, उसे ₹1 लाख नकद इनाम दिया जाएगा।
“यह सिर्फ एक इनाम नहीं, बल्कि उस मासूम को उसके घर और मां-बाप की गोद में वापस लाने की आखिरी उम्मीद है,” – विनय शुक्ला।
भरारी गांव आज दुआओं और इंतजार में डूबा हुआ है। हर आंख उस पल की प्रतीक्षा कर रही है, जब चिन्मय सुरक्षित लौट आए और उसकी मासूम हंसी एक बार फिर गांव की गलियों में गूंज उठे



