सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | जिला मुख्यालय नारायणपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संघ के बैनर तले अपनी जायज मांगों को लेकर 18 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन भी जारी रही।
आज आंदोलनरत स्वास्थ्यकर्मियों ने राज्य सरकार का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने राज्य के मंत्रियों के मुखौटे पहनकर ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ किया और भगवान से प्रार्थना की कि सरकार आम जनता की तकलीफों को समझते हुए जल्द से जल्द उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक विचार कर समाधान निकाले।
जिला अध्यक्ष का वक्तव्य
एनएचएम संघ जिला अध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने कहा कि “हमारी मांगें पूरी तरह से न्यायसंगत और वाजिब हैं। राज्य सरकार को चाहिए कि वह आम जनता की तकलीफों को देखते हुए तत्काल ठोस निर्णय लेकर हमारी मांगों को पूरा करे। जब तक लिखित आदेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान किए बिना स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करना कठिन है। हड़ताल के कारण अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एनएचएम संघ ने पुनः चेतावनी दी है कि जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।



