
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी माँ कृष्णा ट्रेडर्स, महामाया चौक में शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा का स्थापना समारोह बड़े ही श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भगवान विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समारोह की शुरुआत 17 सितंबर 2025 को रक्तदान शिविर के साथ हुई। शिविर में 22 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। इसके पश्चात अजय लस्कर ग्रुप द्वारा भक्ति मय जगराता एवं जसगीत का आयोजन किया गया, जिसने भक्तिमय वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। वहीं, उत्तराखंड से पधारे ब्रह्मचारी आनंद जी महाराज ने दुर्लभ सत्संग के माध्यम से धर्म और जीवन मूल्यों पर प्रवचन दिया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े ध्यान से सुना और आत्मसात किया।
दूसरे दिन 18 सितंबर 2025 को प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर माँ कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक अशोक अग्रवाल द्वारा रतनपुर एवं आसपास के क्षेत्र के राज मिस्त्रियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मिस्त्रियों को शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सभी राज मिस्त्रियों के चेहरों पर प्रसन्नता झलक रही थी और पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह एवं हर्षोल्लास का वातावरण बना हुआ था।

संचालक अशोक अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा, “शिल्पकार समाज हमारी संस्कृति और विकास की आधारशिला हैं। इनके परिश्रम और कौशल से ही घर, भवन और समाज की संरचना साकार रूप लेती है। इन्हीं योगदानों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मिस्त्री समाज के सदस्य, व्यापारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भगवान विश्वकर्मा जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

रतनपुर में माँ कृष्णा ट्रेडर्स का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और शिल्पकार समाज के सम्मान का अद्भुत संगम बना।



