
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। दुर्गा पूजोत्सव समिति बनियापारा लाल खंभा चौक रतनपुर द्वारा मां अंबे जी की प्रतिमा का विधि-विधानपूर्वक विसर्जन बड़े ही धूमधाम और शोभायात्रा के साथ किया गया।
समिति के पदाधिकारियों डॉक्टर आलोक गुप्ता, रवि गुप्ता, राकेश गुप्ता और विक्की दुबे के नेतृत्व में पूरे नौ दिनों तक दुर्गा पूजोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ भक्तों ने माता रानी के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित की। स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
रविवार को समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें माता रानी की प्रतिमा को सजे-धजे रथ पर विराजमान कर गाजे-बाजे, आतिशबाजी और जयकारों के साथ नगर भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु “जय माता दी” और “मां अम्बे के जयकारे” लगाते हुए पूरे मार्ग में नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवृष्टि कर माता के दर्शन किए और शोभायात्रा का स्वागत किया।
विसर्जन स्थल पर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा जी की प्रतिमा का जल में विसर्जन किया गया। इस अवसर पर माहौल भावनाओं और आस्था से परिपूर्ण हो गया। भक्तों ने माता से परिवार, समाज और देश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्सव को सफल बनाने में क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और युवाओं का भरपूर सहयोग रहा और अगले वर्ष पुनः भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया।



