सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | नारायणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जिले के नगरीय क्षेत्र में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों से पहुंचे 150 से अधिक स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकता की झलक प्रस्तुत की।
संघ अपने संगठनात्मक दृष्टिकोण से इस क्षेत्र में शताब्दी उत्सव मनाए जा चुके हैं, नारायणपुर में हुआ यह आयोजन भी उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पथ संचलन से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने गणवेश धारण कर नगर के मुख्य मार्गों से अनुशासित मार्च किया। संचलन के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मुख्य वक्ता ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्र सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण की जो नींव रखी थी, वही आज संगठन की पहचान है।
उन्होंने कहा कि संघ ने सदैव समाज में एकता, आत्मबल और राष्ट्रभाव जागृत करने का कार्य किया है। कार्यक्रम में आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित अनेक स्थानीय जन भी उपस्थित रहे।
नगरीय क्षेत्र में आयोजित यह आयोजन न केवल शताब्दी उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि आने वाले वर्षों में समाजहित में और सशक्त कार्य करने की प्रेरणा भी दी।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिव कुमार पांडे व मुख्य वक्ता के रूप में कुंवर राजबहादुर राणा थे, पथ संचलन समता मैदान से नगर भ्रमण होते हुए बजरंग कला मंदिर बखरूपारा में पहुंची, जगह जगह उनका पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत हुआ|



