बब्बी शर्मा सरगुजा संभाग ब्यूरो :-
खड़गवां। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज खड़गवां विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया गया। लगातार बढ़ते बिजली बिलों और अनियमित बिलिंग व्यवस्था के विरोध में कांग्रेसजनों ने जमकर नारेबाज़ी की और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से आम जनता पर महंगाई और बढ़े हुए बिजली बिलों का दोहरा बोझ डाला जा रहा है। गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग इन बिलों से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बढ़े हुए बिलों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते उपभोक्ताओं को मनमाने बिल दिए जा रहे हैं, जबकि सप्लाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी जनता के हित में संघर्ष जारी रहेगा।
इस घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



