सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
भारत सरकार के “नक्सल-मुक्त भारत बचाओ अभियान” और छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी “नियाद नेल्लानार योजना” के तहत, आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी ने अबूझमाड़ के सुदूरवर्ती क्षेत्र आदेर (थाना–ओरछा, जिला–नारायणपुर) में दूसरा कंपनी ऑपरेटिंग बेस (COB) सफलतापूर्वक स्थापित किया है। इससे पूर्व 06 अक्टूबर 25 को COB इदवाया की स्थापना की गई थी।
यह उपलब्धि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, घने जंगलों और सीमित संसाधनों के बावजूद 38 वी वाहिनी आईटीबीपी के अधिकारियों एवं जवानों के अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। नए कैम्प से इस नक्सल-प्रभावित क्षेत्र में न केवल सुरक्षा सुदृढ़ होगी बल्कि विकास की गति भी तेज होगी।
COB आदेर के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षा, चिकित्सा, शिक्षा, संचार एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। इस स्थापना से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
इस अवसर पर रोशन सिंह असवाल, कमाण्डेंट 38वीं वाहिनी, अशोक कुमार सिंह, द्वितीय कमान, मनोज कुमार बहुगुणा, द्वितीय कमान (क्षे.मु. बैंगलुरू), रोबिनशन गुरिया, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, तथा आईटीबीपी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कमाण्डेंट रोशन सिंह असवाल ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया तथा स्कूली बच्चों को मिठाई वितरित की। यह कदम भारत सरकार की नक्सल विरोधी रणनीति का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य मार्च 2026 तक नक्सलवाद-मुक्त भारत बनाना है।



