दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने मध्यप्रदेश की नाबालिग युवती को नौकरी का झांसा देकर जबरदस्ती देह व्यापार में धकेल दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) की रहने वाली है। वह नवरात्रि में मैहर घूमने जाने के नाम पर घर से निकली थी। मेला समाप्त होने के बाद कटनी स्टेशन के यात्री प्रतिक्षालय में उसकी पहचान प्रीति नाम की महिला से हुई, जिसने उसे काम दिलाने के बहाने दुर्ग ले आई।
दुर्ग पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला उसे घर में बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार करने के लिए मजबूर करती थी, और इंकार करने पर धमकी देती थी। किसी तरह पीड़िता ने खुद को कमरे से छुड़ाकर थाना मोहन नगर पहुंचकर अपनी आपबीती बताई।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 137(2), 98, 64(2), 115(2), 3(5) बीएनएस, 4, 6 पाक्सो एक्ट, तथा 3, 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने पीड़िता की निशानदेही पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- प्रीति बेसरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी दल्लीराजहरा (वर्तमान निवास उरला, थाना मोहन नगर)।
- सीमा सोनी, उम्र 47 वर्ष, निवासी उरला, थाना मोहन नगर।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



