विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से :-
रायपुर। मुख्यमंत्री ने आज कलेक्टर कॉन्फ्रेंस 2025 के तहत राज्य में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा बैठक ली। बैठक की शुरुआत खाद्य विभाग की समीक्षा से हुई, जिसमें आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार किसानों का एक-एक दाना धान खरीदेगी, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान पोर्टल में किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। जिन जिलों में पंजीयन की प्रगति धीमी है, वहां की स्थिति की जानकारी लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क की समस्या होने पर विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होगी, जिसके लिए सभी कलेक्टरों को खरीदी केंद्रों की तैयारी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कलेक्टर जिम्मेदार होंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रभारी सचिवों को जिलों में धान खरीदी प्रक्रिया की पैनी निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी करने को कहा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से मॉनिटर की जाएगी, जिससे खरीदी व्यवस्था पर चौकसी और बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि बाहरी राज्यों से धान की अवैध आवाजाही को रोका जा सके।



