गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत 09 माह से फरार चल रहे शराब तस्कर ईजराइल खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। यह कार्रवाई थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत हुई।
माह फरवरी 2025 में आरोपी ईजराइल खान अपने साथियों के साथ शराब की तस्करी कर रहा था। उस दौरान पुलिस ने 17 लीटर देसी कच्ची महुआ शराब के साथ दो अन्य आरोपियों करामत शाह (45 वर्ष) और जमीर खान (32 वर्ष) को मौके पर गिरफ्तार किया था। वहीं, ईजराइल खान मौके से फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
जशपुर पुलिस को मुखबीर और तकनीकी टीम की मदद से जानकारी मिली कि ईजराइल खान जशपुर क्षेत्र में देखा गया। पुलिस ने आरोपी के छिपने की संभावित जगहों पर दबिश दी। इस दौरान ईजराइल खान भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मामले की कार्यवाही और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी आस्ता उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक संदीप एक्का, बलथाजर तिग्गा, आरक्षक अनिल भगत और सुमन टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश निरंतर जारी है और शराब तस्करी में संलिप्त अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यह गिरफ्तारी जशपुर पुलिस की सतर्कता और तेज़ कार्यवाही का परिणाम है, जो जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



