गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर : जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करी में शामिल मुख्य आरोपी कर्ण उर्फ बाबू शर्मा (38 वर्ष), निवासी थानेसर, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जशपुर पुलिस की विशेष टीम हरियाणा से पकड़कर लाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि कर्ण शर्मा शराब तस्करी में उपयोग होने वाले ट्रकों में रास्ते में भरवाए जाने वाले डीजल का ऑनलाइन भुगतान किया करता था। पुलिस ने पेमेंट गेटवे को ट्रेस करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। यह वही नेटवर्क है, जिसके जरिए पंजाब और चंडीगढ़ से अवैध अंग्रेजी शराब को बिहार ले जाया जा रहा था।
चार ट्रकों से अब तक 24,440 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
जशपुर पुलिस इससे पूर्व फरवरी से अक्टूबर 2025 के बीच चार बड़े तस्करी प्रकरणों का खुलासा कर चुकी है।
इन सभी में पुलिस ने कुल 2734 कार्टून में 24,440 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। अब तक पांच तस्करों को जेल भेजा जा चुका है।
ट्रकों में ऐसे होती थी शराब तस्करी
जांच में पता चला कि सभी मामलों में एक ही पैटर्न अपनाया जाता था—
-
पंजाब/चंडीगढ़ से ट्रक में शराब भरकर बिहार भेजा जाता था।
-
रांची में ट्रक चालक को अग्रिम नगद राशि दी जाती थी।
-
वहां से चालक ट्रक छोड़कर लौट जाता था और कोई अन्य व्यक्ति ट्रक को बिहार तक ले जाता था।
-
ग्रामीण रास्तों का उपयोग किया जाता था ताकि चेकिंग से बच सकें।
मोबाइल डाटा से मिला बड़ा सुराग
अगस्त में पकड़े गए ट्रक UP12-AT-1845 के चालक चिमा राम के मोबाइल की जांच में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला।
डीजल भरवाने के लिए किए गए ऑनलाइन भुगतान हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी कर्ण शर्मा के खाते से किए जा रहे थे।
इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम हरियाणा रवाना हुई और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाई गई।
आरोपी ने स्वीकारा अपराध
पूछताछ में कर्ण ने खुलासा किया कि—
-
वह 2023 में सोनीपत में शराब दुकान में सेल्समैन था।
-
इसी दौरान उसकी जान-पहचान एक ऐसे व्यक्ति से हुई जो शराब की पेटियां दिल्ली तक पहुंचाता था।
-
2024 में दुकान बंद होने के बाद कर्ण गांव लौट आया और ऑनलाइन पेमेंट ट्रांजेक्शन का काम करने लगा।
-
तस्करी में शामिल उसका पुराना परिचित उसे पेट्रोल पंपों के क्यूआर कोड भेजता था और वह ट्रकों में भरवाए गए डीजल का ऑनलाइन भुगतान करता था।
-
इसके बदले उसे कमीशन मिलता था।
पुलिस ने कर्ण द्वारा बताए गए मुख्य साज़िशकर्ता की पहचान कर ली है, जो वर्तमान में फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने पर कर्ण शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम को मिला सफलता का श्रेय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक खेमराज ठाकुर, एएसआई एसन पाल, आरक्षक अविनाश लकड़ा तथा सायबर सेल जशपुर की अहम भूमिका रही।
एसएसपी बोले— सिंडिकेट के और सदस्य जल्द गिरफ्तार होंगे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और एंड-टू-एंड जांच जारी है। जल्द ही सिंडिकेट के अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए जाएंगे।



