अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने सोमवार शाम अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समितियों के लिए विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति सूची जारी की। इस सूची के जारी होते ही कांग्रेस संगठन में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
जारी आदेश के अनुसार रतनपुर सेवा सहकारी समिति (क्रमांक 256) के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन कहरा (रतनपुर), कृष्णा साहू (चपोरा), मिथलेश दास (पचरा), जसवंत जायसवाल (मोहदा) एवं कपिल कुमार (बेलगहना) को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। सभी नवनियुक्त प्रतिनिधियों को क्षेत्र में संगठनात्मक अनुभव एवं किसानों से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ रखने वाले सक्रिय कार्यकर्ता माना जाता है।
इन नियुक्तियों की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधियों के निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक शीतल जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि सुभाष अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप, किसान कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, रियाज खोखर, अविनाश श्रीवास, आशीष केवट, प्रियांशु श्रीवास, गणेश कश्यप, रामचंद्र गन्धर्व सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
सभी नेताओं ने इस नियुक्ति को संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने में विधायक प्रतिनिधियों की भूमिका अहम होती है। ऐसे में अनुभवी एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपना किसानों के हित में सकारात्मक परिणाम देगा।
वहीं, नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधियों ने विधायक अटल श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा सहकारी समितियों से जुड़े किसानों एवं सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास करेंगे। कुल मिलाकर, इन नियुक्तियों से कोटा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलने के साथ-साथ किसानों के हित में प्रभावी कार्य की उम्मीद भी बढ़ गई है।




