जिला संवाददाता गणेश यादव
जशपुर | जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाछापर में हुई 13 लाख रुपये की लूट के मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज लूट कांड का खुलासा करते हुए झारखंड के गढ़वा जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 दिसंबर 2025 को पत्थलगांव के एक व्यापारी के ट्रक ड्राइवर से बालाछापर के पास नेशनल हाइवे-43 पर 13 लाख रुपये की लूट की गई थी। ट्रक ड्राइवर की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 309(6) व 351(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पीड़ित ट्रक चालक सुभाष देव कुमार (25 वर्ष), निवासी रोहतास, बिहार ने पुलिस को बताया कि वह पत्थलगांव से गुड़ लेकर रांची गया था। माल खाली करने के बाद मालिक के निर्देश पर रांची से 13 लाख रुपये नगद लेकर आलू लोड कर वापस पत्थलगांव लौट रहा था। 02 दिसंबर की सुबह बालाछापर के पास लघुशंका के लिए ट्रक रोकने के दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर ट्रक के केबिन में रखे रुपये लूट लिए और अल्टो कार से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध अल्टो कार की पहचान की, जो गढ़वा (झारखंड) निवासी पवन कुमार पासवान के नाम पर पंजीकृत पाई गई।
पुलिस टीम ने गढ़वा जिले के ग्राम कदालिया में दबिश देकर आरोपी पवन कुमार पासवान (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई पहचान परेड में ट्रक ड्राइवर ने आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 29 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के हिस्से में 1.50 लाख रुपये आए थे, जिसमें से अधिकांश रकम खर्च की जा चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, निरीक्षक संतलाल आयाम, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा एवं आरक्षक मुकेश पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



