गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जशपुर जिले के नवपदस्थ पुलिस कप्तान, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा कि नशे में वाहन चलाना, तेज गति से वाहन चलाना, मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करना और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना न केवल व्यक्ति के लिए बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने इन मामलों में शून्य सहनशीलता नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में 26 जनवरी 2026 की शाम सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 प्रकरणों में कार्रवाई की। इन मामलों में मुख्य रूप से मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहन, ओवर स्पीड, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे में वाहन चलाने तथा मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करने जैसे उल्लंघन शामिल हैं। सभी प्रकरणों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस कप्तान ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके। साथ ही जशपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।



