रायगढ़, 3 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में गुम इंसानों की पतासाजी के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन मुस्कान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। जनवरी माह में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दर्ज 59 गुम इंसानों में से 56 को पुलिस ने सकुशल खोज निकालकर परिजनों से मिलाया है।
नाबालिगों की त्वरित बरामदगी
जनवरी माह में 16 नाबालिग गुम दर्ज किए गए थे, जिनमें से 14 नाबालिगों को रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षित दस्तयाब किया है। जांच के दौरान जहां नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
बीते दो दिनों में चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, पुसौर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्रों से गुम नाबालिगों को बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया।
8 साल से लापता बालक मिला महाराष्ट्र से
कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का मामला विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जहां करीब 8 वर्षों से लापता बालक को पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के सतारा से दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा। बालक वर्ष 2018 से लापता था। इस सराहनीय कार्य से परिवार में फिर से खुशियां लौट आईं और क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की व्यापक प्रशंसा हो रही है।
शादी का झांसा देकर भगाने वालों पर सख्त कार्रवाई
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका को कोरबा से आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया। आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर बालिका को भगाने के मामले में पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

- धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार के एक मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया।
- नाराज होकर सहेली के घर गई बालिका सकुशल लौटी
पुसौर थाना क्षेत्र में घर से नाराज होकर सहेली के घर गई नाबालिग बालिका को पुलिस ने सरिया (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान जिले में पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है और गुम नाबालिगों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखें, उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें तथा सोशल मीडिया संपर्कों की नियमित निगरानी करें।
एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाने या उनके साथ किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को त्वरित गिरफ्तारी कर सीधे जेल भेजा जाएगा।



