गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। थाना बगीचा क्षेत्र में नाबालिक बालिका के साथ हुए दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेश यादव (26 वर्ष) और उसके साथी संजय यादव (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 02 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे हुई। पीड़िता अपने मामा के गांव में थी और करमा नाचने गई थी। इसी दौरान आरोपी सुरेश यादव ने उसे फोन कर मिलने के लिए कहा। पीड़िता अपनी सहेली के साथ आरोपी से मिलने गई, जहां सुरेश यादव ने उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर सुनसान मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया, जबकि संजय यादव बाहर पहरेदारी कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजन मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए।
थाना बगीचा पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की और नाबालिक पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ और अपराध सबूत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जप्त किए हैं।
इस मामले में थाना बगीचा के सहायक उप निरीक्षक राजकुमार पैंकरा, उमेश प्रभाकर, नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह और आरक्षक अरुण राम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में पुलिस बेहद संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



