गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
रायगढ़, 14 फरवरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन “आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने 21 किलो से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की टीम को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से मादक पदार्थ लाकर शहर में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर बालसमुंद नाला के समीप पहाड़ मंदिर रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की की जांच में 20 पैकेटों में भरा हुआ गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल 21.378 किलोग्राम मादक पदार्थ पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा लाकर रायगढ़ में बेचने की योजना बना रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजित सिंह (50 वर्ष) निवासी रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 18 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।



