दुर्ग: दुर्ग पुलिस द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड, रक्षित केन्द्र दुर्ग में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान होने वाली शारीरिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके समाधान की जानकारी प्रदान करना था।
सत्र में फिजियोथेरेपिस्ट एवं सर्टिफाइड डाइटिशियन सुश्री नेहा बत्रा ने मांसपेशियों में खिंचाव, कमर दर्द, पीठ दर्द तथा लंबे समय तक खड़े रहने से होने वाली शारीरिक परेशानियों के कारणों एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सही शारीरिक मुद्रा अपनाने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित आहार लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान फिजियोथेरिपी के माध्यम से उपचार की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को सीधे तौर पर लाभ मिला। इस स्वास्थ्य सत्र में लगभग 112 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा एवं रक्षित केन्द्र स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने अपने अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम और संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।



