सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | नारायणपुर जिले के थाना ओरछा क्षेत्रांतर्गत ग्राम खोड़पार (गोमागल) के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सली गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना पर 14 फरवरी 2026 को 29वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं नारायणपुर पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े डंप का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
अभियान द्वितीय कमान अधिकारी दीपक सेमल्टी के नेतृत्व में कैंप धनौरा से रवाना हुआ। ऑपरेशन में 29वीं वाहिनी Indo-Tibetan Border Police (आईटीबीपी), एसएटी टीम तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान शामिल रहे।
जंगल में छिपा नक्सली डंप बरामद
सघन तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला, जिसमें भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- 12 बोर भरमार रायफल – 02 नग
- सिंगल शॉट भरमार रायफल – 01 नग
- पुराना मॉडल भरमार – 05 नग
- एलएमजी पैसिव नाइट साइट – 01 नग
- 56 बॉल कारतूस – 52 राउंड
- 8 मिमी कारतूस – 10 राउंड
- .303 कारतूस – 10 राउंड
- 12 बोर कारतूस – 18 नग
- 12 बोर खाली खोखा – 04 नग
- बीजीएल सेल – 15 नग
- 56 इंसास एलएमजी मैगजीन – 02 नग
- 62 एसएलआर मैगजीन – 01 नग
- लगभग 30 मीटर इलेक्ट्रिक वायर
- सोल्डरिंग आयरन – 01 नग
- वायर कटर (बड़ा) – 06 नग
- वायर कटर (मध्यम) – 16 नग
- वायर कटर (छोटा) – 11 नग
- स्क्रूड्राइवर सेट – 01 नग
- नक्सली पिट्ठू सेट – 02 नग
- नक्सली पाउच – 02 नग
- अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली संगठन क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। सुरक्षा बलों की सतर्कता, सटीक सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की मंशा समय रहते विफल कर दी गई।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता है, जिससे नक्सली संगठन की लॉजिस्टिक क्षमता को गंभीर आघात पहुंचा है।
जिला पुलिस एवं सुरक्षा बल क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। आम नागरिकों से अपील की गई है कि नक्सली गतिविधियों से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि शांति और विकास के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
“नक्सलमुक्त, सुरक्षित एवं विकसित नारायणपुर” के संकल्प के साथ सुरक्षा बल क्षेत्र में दृढ़ता से अभियान जारी रखे हुए हैं।



