सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : अबूझमाड़ के ओरछा थाना क्षेत्र में नारायणपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक सराहनीय कार्य किया। माड़ोड़ा जंगल में गहरे गड्ढे में पिछले 6–7 दिनों से फंसे एक देशी कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, नक्सल उन्मूलन अभियान ड्यूटी के दौरान डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) के जवानों की नजर गहरे गड्ढे में फंसे कुत्ते पर पड़ी। इसके बाद निरीक्षक सीताराम सागर के नेतृत्व में 18 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 9 बजे रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगल के बावजूद जवानों ने साहस, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जंगली सूअर के शिकार के उद्देश्य से गड्ढे खोदे गए थे, जिनमें यह कुत्ता गिर गया था और कई दिनों से वहीं फंसा हुआ था।
पुलिस के इस सराहनीय कदम ने यह साबित किया कि सुरक्षा ड्यूटी के साथ-साथ जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। डीआरजी जवानों की यह पहल न केवल उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि समाज में पुलिस की मानवीय छवि को भी मजबूत करती है।



