अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। मनरेगा के विकल्प के रूप में प्रस्तुत की जा रही केंद्र सरकार की VB-G RAM G योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा मंडल रतनपुर द्वारा ग्राम पंचायत तेंदूभाठा के आश्रित ग्राम नवागांव में जनजागरण चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार 2.0 द्वारा शुरू की गई यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक गांव तक योजना की जानकारी पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ग्रामीण युवाओं को मिलेगा स्थानीय रोजगार
नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार गांव, गरीब और किसान के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं लागू कर रही है। VB-G RAM G योजना से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन में कमी आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव पहुंचकर योजना की जानकारी दें।
मंडल महामंत्री ज्वाला प्रसाद कौशिक ने कहा कि जनजागरण अभियान के माध्यम से लोगों को योजनाओं की सही जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री ज्वाला कौशिक, प्रशांत यादव, सरपंच मीनाबाई, जिला किसान मोर्चा मंत्री भानु प्रताप कश्यप, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कश्यप, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजू मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



