
महिला मोर्चा व भाजयुमो ने विपक्षी नेताओं का पुतला दहन कर जताया आक्रोश
नारायणपुर – महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर आज नारायणपुर नगर के जयस्तंभ चौक में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा नारायणपुर के कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की बहनों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर विपक्षी दलों के नेताओं का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिला आरक्षण को लेकर ऐतिहासिक पहल की गई है। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन विपक्षी दलों द्वारा इस मुद्दे पर लगातार राजनीति कर महिलाओं के अधिकारों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिससे समाज में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान बढ़ा है। वहीं विपक्षी दल महिलाओं के अधिकारों को लेकर केवल दिखावे की राजनीति करते हैं, जबकि वास्तविकता में उनके कार्य महिलाओं के हितों के विपरीत रहे हैं।
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन के दौरान कहा कि देश की मातृशक्ति आज जागरूक हो चुकी है और वह अपने अधिकारों के लिए किसी भी प्रकार के अन्याय को सहन नहीं करेगी। यदि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ कोई भी साजिश रची जाएगी तो भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उसका पुरजोर विरोध करेंगे।
इस दौरान जयस्तंभ चौक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान और महिला आरक्षण के समर्थन में जोरदार नारे लगाए तथा विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा, भाजयुमो नारायणपुर के पदाधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रही।



