जिला ब्यूरो चीफ अनीष मिश्रा
जांजगीर-चांपा/बम्हनडीह — प्रदेश के नगर पंचायत चुनावों में सत्ताधारी पार्टी इस हद तक गिर सकती है, शायद किसी ने सोचा भी नहीं था। छत्तीसगढ़ के बम्हनडीह नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना पर खुलेआम चुनाव प्रचार के नाम पर मुर्गा और पर्चा बांटकर वोटरों को लुभाने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके की राजनीति गरमा गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही आम नागरिकों और जागरूक लोगों ने इस पूरे मामले का विरोध शुरू किया, मौके पर मौजूद लोग गाड़ी लेकर तेजी से वहां से निकल गए। अब यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या अब चुनाव विकास, सड़क, पानी और जनता के मुद्दों पर नहीं बल्कि “मुर्गा संस्कृति” के दम पर लड़ा जाएगा? क्या जनता के स्वाभिमान और वोट की कीमत सिर्फ एक मुर्गा रह गई है?
घटना के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित प्रत्याशी का नामांकन तक निरस्त किया जाए।
बम्हनडीह की गलियों से लेकर चौक-चौराहों तक अब एक ही चर्चा है — “जनता सब देख रही है, जवाब वोट की चोट से मिलेगा।”
फिलहाल प्रशासन और भाजपा प्रत्याशी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




