अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बंधन NGO द्वारा मंगलवार को रतनपुर में आजीविका सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्षद हकीम के हाथों हितग्राही महिलाओं को आजीविका किट वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।
बंधन NGO द्वारा चयनित प्रत्येक महिला हितग्राही को कुल 15 हजार रुपये मूल्य की आजीविका सामग्री प्रदान की जाएगी। इसके प्रथम चरण में महिलाओं को 8,501 रुपये मूल्य की सामग्री वितरित की गई।
महिलाओं की रुचि और कौशल के अनुसार उन्हें मछली विक्रय सामग्री, ब्यूटी पार्लर किट, सब्जी व्यवसाय के लिए ठेला एवं सब्जियां सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।
NGO की ओर से केवल सामग्री वितरण तक ही सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि समय-समय पर हितग्राहियों को व्यवसाय संचालन एवं कौशल विकास संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं को 65 रुपये भत्ता देने के साथ-साथ भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में पार्षद हकीम ने कहा कि समाज के कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार की योजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बंधन NGO की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
इस अवसर पर जीतू पाटले, भारत बेलदार, NGO प्रभारी शाहीद सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हितग्राही महिलाओं ने भी संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिलेगा।
बंधान NGO की यह पहल क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



