Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए रतनपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए लगातार सायबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निलेश पांडेय के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत ग्राम पेंडरवा में “सायबर पाठशाला” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी विभिन्न नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
मोबाइल पर आने वाले फर्जी कॉल, OTP मांगने वाले ठग, UPI के माध्यम से धोखाधड़ी, फर्जी लोन ऐप, इन्वेस्टमेंट के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच तथा सोशल मीडिया पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक और ऐप के जरिए लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाई जा रही है।

पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी जैसे OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी अज्ञात नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने या अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया पर अधिक मुनाफे का दावा करने वाले निवेश प्रस्तावों और ऑनलाइन लॉटरी जैसे प्रलोभनों से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
सायबर पाठशाला के दौरान पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो वह बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर आयोजित ऐसी जागरूकता पाठशालाएं लोगों को साइबर अपराधों से बचाने में बेहद उपयोगी साबित होंगी। कई ग्रामीणों ने स्वीकार किया कि उन्हें पहले साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी नहीं थी, लेकिन इस कार्यक्रम के माध्यम से वे अब अधिक सतर्क और जागरूक हुए हैं।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य गांवों में भी “सायबर पाठशाला” आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।



