Oplus_131072
समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से जवाहर उत्कर्ष मुख्यमंत्री योजना में मिला आगे बढ़ने का अवसर।
बुलंद टाइम्स न्यूज/विकास भुवाल
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से संचालित “सेवा सेतु पोर्टल” आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
इसी क्रम में ग्राम फरी, तहसील एवं जिला बेमेतरा निवासी श्री एस. कुमार कौशले, पिता स्वर्गीय प्रसादी राम कौशले ने अपने पुत्र लक्ष्य कौशले का आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय बेमेतरा स्थित सेवा सेतु केन्द्र में आवेदन प्रस्तुत किया। लक्ष्य कौशले ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के बल पर जवाहर उत्कर्ष मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत चयन के लिए आवश्यक पात्रता प्राप्त की थी। योजना के अंतर्गत आयोजित काउंसलिंग में सम्मिलित होने के लिए आय प्रमाण पत्र अनिवार्य दस्तावेज था।
विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य एवं काउंसलिंग की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए राजस्व विभाग द्वारा आवेदन का त्वरित परीक्षण कर नियमानुसार समय पर आय प्रमाण पत्र जारी किया गया। समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से लक्ष्य कौशले बिना किसी परेशानी के काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सके। इससे न केवल एक प्रतिभाशाली विद्यार्थी के भविष्य को नई दिशा मिली, बल्कि शासन की जनहितैषी एवं छात्र हितैषी कार्यप्रणाली का भी उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया।
जवाहर उत्कर्ष मुख्यमंत्री योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होना विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सेवा सेतु पोर्टल ने इस आवश्यकता को सहज एवं प्रभावी ढंग से पूरा कर शासन की मंशा को सार्थक किया है।
श्री एस. कुमार कौशले ने समय पर आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन बेमेतरा, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार बेमेतरा सहित सेवा सेतु केन्द्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक सरल, पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध हुई हैं। इससे आम नागरिकों का समय, श्रम एवं आर्थिक व्यय बच रहा है तथा शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है। यह उदाहरण दर्शाता है कि नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं के माध्यम से शासन आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और आवश्यक शासकीय सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को प्रभावी रूप से साकार कर रहा है।




