Oplus_131072
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय और रतनपुर का मान
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। सेजस कन्या रतनपुर की छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं रतनपुर का नाम गौरवान्वित किया है। धमतरी में आयोजित 26वीं शालेय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सेजस कन्या रतनपुर की तीन छात्राओं ने अपने-अपने वजन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की कुमारी सुभद्रा यादव, कक्षा 10वीं की अस्मिता गायकवाड़ तथा कक्षा 9वीं की काव्या यादव ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वजन वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। तीनों छात्राओं का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की शालेय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्र के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
इसी प्रतियोगिता में सेजस कन्या रतनपुर की कक्षा 8वीं की छात्रा मान्यता कश्यप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 11वीं कला संकाय की छात्रा शुभांगी प्रजापति ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
छात्राओं की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्राचार्य बग्गा जी ने कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। तीन छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी चयनित एवं पदक विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
वहीं विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर प्रमोद धीवर ने कहा कि छात्राओं ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। राज्य स्तरीय मंच पर अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित छात्राओं को आगामी प्रतियोगिता के लिए और बेहतर तैयारी कराई जाएगी, ताकि वे वहां भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
छात्राओं की इस सफलता पर प्राचार्य, स्पोर्ट्स टीचर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने चयनित एवं पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं की उपलब्धि ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और लगन के साथ ग्रामीण एवं छोटे शहरों की बेटियां भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं।




