बुलंद टाइम्स न्यूज, कोंडागांव। कोंडागांव जिले में वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसा NH-30 पर घोड़ागांव के पास हुआ। दुर्घटना में काफिले के फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिसकर्मी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सामने से आ रही कार ने मारी टक्कर…
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप का काफिला NH-30 से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार काफिले के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी।
हादसे में फॉलो वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल…
घटना के बाद वन मंत्री केदार कश्यप खुद जिला अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। विधायक लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस…
दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सामने से आ रही कार के चालक की क्या भूमिका थी, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल सभी घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।




