Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, गरियाबंद। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने रविवार को मैनपुर विकासखंड के ग्राम उसरीजोर एवं कांडेकेला सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया।
इस दौरान श्री गौरीशंकर कश्यप द्वारा ग्राम पंचायत उसरीजोर के इंदिरापारा में रंगमंच निर्माण तथा प्राथमिक शाला उसरीजोर में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत कांडेकेला में 10 ग्राम पंचायतों को वाटर टैंकर का वितरण किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा को बेहतर बनाने तथा आवश्यकता के समय पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह वाटर टैंकर प्रदान किए गए।
मैनपुर विकासखंड: कांडेकेला, उसरीजोर, गोढ़ियारी, तेतलखुटी, सरगीगुड़ा, झरगांव एवं उरमाल।
देवभोग विकासखंड: सीनापाली, गोहेकेला एवं पुरनापानी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों के सरपंच-पंच, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने वाटर टैंकर वितरण एवं विकास कार्यों के भूमि-पूजन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल जैसी महत्वपूर्ण मूलभूत सुविधा के लिए वाटर टैंकर उपलब्ध होने से गांवों में आवश्यकता के समय पानी की व्यवस्था करने में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही निर्माण कार्यों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।




