Oplus_131072
विकसित भारत जीरामजी योजना से 3 करोड़ 61 लाख रुपए की स्वीकृति, ग्राम पंचायतों के माध्यम से निर्माण कार्य प्रारंभ।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचनाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए जिले के 84 बालिका विद्यालयों में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुरक्षित शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। विकसित भारत जीरामजी योजना के तहत इन कार्यों के लिए कुल 3 करोड़ 61 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाकर कार्य प्रारंभ करा दिए गए हैं।
स्वच्छता और सुरक्षा के लिए खास पहल…
पंचायत क्षेत्र में स्थित बालिका विद्यालयों में छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त शौचालय आवश्यक संसाधन हैं। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार योजना के तहत बालिकाओं के विद्यालयों में शौचालय निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। कार्य पूर्ण होने के बाद छात्राओं को विद्यालय परिसर में बेहतर एवं सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
शिक्षा विभाग से प्रस्ताव, पंचायतों को निर्माण की जिम्मेदारी…
बालिका विद्यालयों में जहां शौचालय की आवश्यकता थी, वहां की जानकारी शिक्षा विभाग से प्राप्त की गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की मैदानी टीम द्वारा स्थलों का निरीक्षण एवं उपयुक्तता की जांच करने के बाद मानक प्राक्कलन के अनुसार 84 विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए। इन सभी कार्यों के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है।
प्रत्येक शौचालय के लिए 4 लाख 30 हजार रुपए…
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि प्रत्येक शौचालय निर्माण के लिए मानक प्राक्कलन के अनुसार 4 लाख 3 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 59 हजार रुपए मजदूरी तथा 3 लाख 71 हजार रुपए सामग्री मद के लिए निर्धारित हैं। सभी निर्माण कार्यों को आगामी चार माह में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि ‘विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। स्वच्छता केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वस्थ वातावरण से भी जुड़ा है। सभी विद्यालयों में पानी की सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शौचालय उपलब्ध होने से छात्राओं को बेहतर वातावरण मिलेगा और उनकी नियमित उपस्थिति एवं पढ़ाई में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विकसित भारत जीरामजी योजना के माध्यम से जिले में ऐसी आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।




