अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को कोरिया जिले में जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। सुबह 11 बजे पंचायत कार्यालयों और निर्धारित स्थलों पर होने वाले इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण शामिल होंगे।
भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के पत्र के परिपालन में पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश की सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आयोजन के निर्देश दिए हैं। अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी के लिए प्रस्तावना की प्रति हिंदी या स्थानीय भाषा में सभी ग्राम पंचायतों को डिजिटल और मुद्रित रूप में पहले से उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रस्तावना की प्रति भारत सरकार की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है।
पंचायत स्तर पर संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर परिचर्चा, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नागरिकों को ऑनलाइन ‘रीड द प्रीएम्बल’ अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।







