अमित दुबे की रिपोर्ट | बुलन्द टाइम्स न्यूज़
सकरी/बिलासपुर। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ सकरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए काठाकोनी पड़ाव स्थित कश्यप चिकन दुकान में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 पाव देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,480 है, बरामद कर जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने जिले में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध शराब कारोबारियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
24 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम काठाकोनी पड़ाव में कश्यप चिकन दुकान संचालक द्वारा अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर बद्री प्रसाद कश्यप (57 वर्ष), पिता लतमार कश्यप, निवासी मोछ, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 31 पाव देशी शराब कीमत ₹2,480 बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1084/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल, आरक्षक सुनील सूर्यवंशी एवं महिला आरक्षक प्रीती शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।







