सरफराज अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई माओवादी डम्प से पुलिस ने 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। यह रकम स्टील के एक डिब्बे में पैकेट बनाकर छिपाई गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में संयुक्त सर्चिंग अभियान शुरू किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया।
डिब्बे की जांच करने पर उसके अंदर टेप से लिपटे हुए कई पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर 500-500 रुपये के नोटों में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
पुलिस द्वारा बरामद रकम के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई इतनी बड़ी नगद राशि की बरामदगी को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







