अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर पहुंचकर मां महामाया देवी एवं भगवान सिद्धिविनायक गणेश के दरबार में शीश नवाया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।
बुधवार सुबह उपमुख्यमंत्री अरुण साव सपत्नीक रतनपुर पहुंचे और सबसे पहले मां महामाया देवी मंदिर में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। जन्मदिन के इस विशेष अवसर को उन्होंने मां महामाया और सिद्धिविनायक भगवान को समर्पित करते हुए छत्तीसगढ़ की जनता के लिए सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।
उपमुख्यमंत्री का रतनपुर आगमन धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी खास रहा। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उनके आगमन की जानकारी मिली, मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ‘अरुण साव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं’ के नारों और उत्साहपूर्ण माहौल से मंदिर परिसर गूंज उठा।
जन्मदिन बना आस्था और जनसेवा का संकल्प
अपने जन्मदिन पर धार्मिक नगरी रतनपुर में मां महामाया का आशीर्वाद लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने यह संदेश भी दिया कि सत्ता और पद से ऊपर जनसेवा की भावना है। माता के दरबार में प्रदेश की खुशहाली की कामना के साथ उनका यह धार्मिक प्रवास भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी उत्साह का अवसर बना।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जन्मदिन उनके लिए केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और सेवा के संकल्प को और मजबूत करने का दिन है। उन्होंने मां महामाया से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
उपमुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लवकुश कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा उर्फ बबलू कश्यप, मंडल महामंत्री ज्वाला कौशिक एवं प्रशांत यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी बिसेन, सभी वार्डों के पार्षद एवं एल्डरमैन सहित भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रतनपुर की धरती पर उपमुख्यमंत्री का यह जन्मदिन कार्यक्रम धार्मिक आस्था, संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा की भावना का संगम बना। मां महामाया के दरबार से प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना और कार्यकर्ताओं के आत्मीय स्वागत ने उनके जन्मदिन को यादगार बना दिया।







