हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर | बस्तर पुलिस ने एक बार फिर सायबर अपराधियों के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए करोड़ों की धोखाधड़ी में शामिल गैंग के तीन मुख्य आरोपियों को महाराष्ट्र और झारखंड से गिरफ्तार किया है। ये आरोपी एपीके फाइल और ईमेल हैकिंग जैसे आधुनिक तकनीकी तरीकों से लोगों के खातों से रकम उड़ा रहे थे। प्रारंभिक जांच में ₹1.15 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी और 150 से अधिक फर्जी बैंक खातों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।
ऐसे हुआ बड़ा खुलासा
प्रकरण की शुरुआत जगदलपुर निवासी अमलेश कुमार की शिकायत से हुई, जिन्होंने बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके एक्सिस बैंक खाते से 733013 रुपये का फर्जी लोन लेकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। जांच में पता चला कि मेल आईडी हैक कर नेटबैंकिंग के माध्यम से यह फ्रॉड किया गया था।
पुलिस ने आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर विशेष साइबर टीम का गठन किया।
गिरफ्तार आरोपी और उनका नेटवर्क
- बस्तर पुलिस की टीम ने मुम्बई और जामताड़ा (झारखंड) में दबिश देकर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया:
- अब्दुल मजीद (जामताड़ा, झारखंड) – मास्टरमाइंड, जिस पर डकैती और साइबर फ्रॉड के पूर्व मामले दर्ज हैं।
- कार्तिकेय राय उर्फ सत्यम (आजमगढ़, उत्तर प्रदेश) – बैंक खाते खुलवाने और धोखाधड़ी में शामिल।
- संतोष कुमार (आजमगढ़, उत्तर प्रदेश) – बैंक खाता संचालन और ट्रांजैक्शन में सहायक।
आधुनिक तकनीक से करते थे फ्रॉड
आरोपी मोबाइल पर फर्जी एप्स (APK फाइल) भेजते थे और मेल आईडी हैक कर OTP लेकर पीड़ितों के खातों से लोन निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर करते थे।
सिर्फ एक मामले में ही 7.33 लाख का लोन लेकर फ्रॉड किया गया।
धोखाधड़ी का राष्ट्रीय नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी:
- 116 से अधिक फर्जी खातों का इस्तेमाल कर चुके हैं
- 150 से ज्यादा बैंक खाते आजमगढ़ (उ.प्र.) के पते पर खोले गए
- 46 अलग-अलग राज्यों से शिकायतें इन खातों से जुड़ी हुई पाई गईं
यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, गुजरात, आंध्रप्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों से पैसे ट्रांसफर हुए
जप्त सामग्री:
- मोबाइल – 07 नग
- सिम कार्ड – 05 नग
- एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड – 14 नग
- आधार कार्ड – 04 नग
- पैन कार्ड – 02 नग
- चेकबुक – 08 नग
- नकद – ₹26,800
- थंब मशीन (फिंगरप्रिंट स्कैनर) – 01 नग
- ATM स्वाइप मशीन – 01 नग
- पासबुक – 03 नग
एसपी बोले – सायबर फ्रॉड पर सख्त नजर
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि सायबर अपराध पर लगातार नजर रखी जा रही है और आरोपियों के नेटवर्क को खत्म करने तक अभियान जारी रहेगा।



