सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर| कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार तथा प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अजीत सिंह के दिशानिर्देश एवं संरक्षण अधिकारी सुश्री किरण नैलवाल के मार्गदर्शन में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत करियर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सुलेंगा एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नारायणपुर में आयोजित किया गया, जिसमें सनातन मेरसा द्वारा छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण की महत्ता एवं करियर की आवश्यकता के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे – महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मिशन शक्ति, सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 एवं कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम आदि की विस्तृत जानकारी भी उपस्थित छात्राओं को दी गई।
इस अवसर पर विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं कक्षा नवमी से बारहवीं तक के लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास जागृत करना तथा उन्हें शिक्षा एवं करियर के प्रति प्रेरित करना रहा।



