
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर,। ऐतिहासिक धार्मिक नगरी रतनपुर इस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक बार फिर देशभक्ति की भावना से सराबोर होने जा रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के तत्वावधान में इस वर्ष एक विशेष तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो ना केवल परंपरा को निभाएगी बल्कि वीरता और बलिदान की अमर गाथा को भी जीवंत करेगी।
इस बार की तिरंगा यात्रा वीर शहीद नूतन सोनी को समर्पित की गई है। उनकी स्मृति में एक प्रेरणादायक झांकी भी यात्रा का मुख्य आकर्षण होगी, जो युवाओं में देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को जागृत करेगी। झांकी में शहीद की वीरता, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया जाएगा।

यात्रा का मार्ग और समापन स्थल:
यह भव्य तिरंगा यात्रा शासकीय महा माया महाविद्यालय रतनपुर से आरंभ होकर गांधीनगर, थानापारा, भीम चौक, महामाया चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड से गुजरते हुए हाई स्कूल मैदान पहुंचेगी। यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा, जहां सभी प्रतिभागी एक साथ खड़े होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ लेंगे।

देशभक्ति के रंग में रंगे युवा:
कार्यक्रम के संयोजक आतिश सिंह ठाकुर ने कहा कि “यह झांकी केवल एक सजावट नहीं, बल्कि राष्ट्र भावना को समर्पित एक जीवंत प्रेरणा है, जो प्रत्येक युवा को अपने कर्तव्यों की याद दिलाएगी।”
यात्रा में भाग लेने वाली ईशा सोनी ने कहा, “राष्ट्रध्वज के साथ चलना आत्मगौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।”
अनुष्का पांडे ने कहा, “यह यात्रा रतनपुर की आत्मा से जुड़ी है। यह केवल मार्च नहीं, बल्कि एक संकल्प है – देश के लिए कुछ करने का।”
श्रद्धांजलि बनेगी प्रेरणा:
शहीद नूतन सोनी को समर्पित यह यात्रा उनके बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। यह झांकी उनके जीवन, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को न केवल स्मरण करेगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनेगी।
राष्ट्रध्वज के साथ जन सहभागिता:
हर वर्ग, हर समुदाय के लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। यह आयोजन तिरंगे की शान, शहीदों की पहचान और युवा ऊर्जा की उड़ान को समर्पित रहेगा।



