नवीन राजपूत की रिपोर्ट :-
भिलाई । सुपेला थाना अंतर्गत बीएसएफ जवान की दूसरी पत्नी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जवान के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। करीब 14 दिन पहले महिला ने किराए के मकान में आत्महत्या कर ली थी। प्रकरण में पुलिस ने धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मृतिका पिंकी सिंह उर्फ एपी निगुबा (27 वर्ष) मूलत: असम की रहने वाली थी।
वह बीएसएफ में पदस्थ संतोष सिंह के साथ इंदिरा नगर सुपेला स्थित एक मकान में किराए पर रह रही थी। जवान उसे अपनी पत्नी बताता था। 20 जून की रात करीब 10.30 बजे पिंकी संतोष सिंह को टहलने की बात कहकर मकान की दूसरी मंजिल पर चली गई।
करीब 11 बजे मकान मालिक ने संतोष को कॉल कर उसके फंदे पर लटके होने की जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि आरोपी पहले से शादीशुदा था। कोलकाता में उसकी पत्नी 5 बच्चों के साथ रहती है। बावजूद उसने पिंकी से विवाह कर लिया। इसकी जानकारी पिंकी को हुई तो दोनों में विवाद शुरू हो गया। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पिंकी ने फांसी लगा ली।



