बेमेतरा | जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत सरकार की संकल्प एचईडब्लू योजना अंतर्गत महिलाओं के लिए 10 दिवसीय (02 से 12 सितम्बर 2025) विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी सी.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत आज परियोजना बेमेतरा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 4-1 में कानूनी जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और अधिकारों की जानकारी दी गई। इनमें पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम, लैंगिक समानता, सखी वन स्टॉप सेंटर की भूमिका, बाल विवाह रोकथाम, साइबर क्राइम, विभागीय योजनाएं, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 जैसी सेवाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में तमन्ना एवं सेवन्तिका (जेंडर विशेषज्ञ-हब), राखी यादव (केंद्र प्रशासक, सखी वन स्टॉप सेंटर), रामेश्वरी साहू (पैरालीगल कार्मिक) सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, वार्ड की महिलाएं एवं किशोरी बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।



