सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | NHM कर्मचारी संघ, इकाई जिला नारायणपुर द्वारा एक भव्य मनोकामना रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नारायणपुर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ माता मावली मंदिर पहुँची। रैली में NHM कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जयकारे लगाए और दंडवत प्रणाम करते हुए माता मावली की शरण में पहुँचे।
पूरे मन से सभी कर्मचारियों ने माता मावली की घंटों पूजा-अर्चना की और अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं को माता रानी के चरणों में रखते हुए उनका समाधान करने की प्रार्थना की। कर्मचारियों ने माता से विनती की कि जब सरकार अपने वादों और आश्वासनों को भूल चुकी है, तब अब एकमात्र सहारा आप ही हैं।
यह आयोजन NHM कर्मचारियों की 25 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत किया गया, जिसमें कर्मचारियों की निम्नलिखित प्रमुख मांगे शामिल हैं:
- सेवा स्थायीत्व (नियमितीकरण)
- पब्लिक हेल्थ कैडर स्थापना
- अनुकम्पा नियुक्ति
- ग्रेड पे
- कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- मेडिकल अवकाश
- स्थानांतरण नीति में सुधार
- 10लाख तक कैश लेश चिकित्सा बीमा
सरकार द्वारा इन न्यायोचित मांगों को अब तक अनदेखा किया गया है, जिससे नारायणपुर सहित पूरे प्रदेश के NHM कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
NHM कर्मचारी संघ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक मांगे पूरी नहीं की जातीं, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। यदि सरकार द्वारा शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन आगे चलकर और अधिक उग्र रूप धारण करेगा।
यह सिर्फ कर्मचारियों का हक की लड़ाई नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा देने वाले जनसेवकों की पीड़ा है, जो दिन-रात जनता की सेवा करते आए हैं। अब वे स्वयं न्याय और सम्मान की अपेक्षा लिए सड़कों पर हैं।



