
अमित दुबे की रिपोर्ट ;-
रतनपुर।नगर के पुराने पोस्ट ऑफिस वाली गली बरसात के दिनों में बदहाल हालात का शिकार हो गई है। हल्की बारिश के बाद ही गली में नाले का गंदा पानी भरकर सड़क पर बहने लगता है, जिससे आस-पास के घरों में पानी घुस जाता है। इससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि थोड़ी सी वर्षा होते ही गली नाले में तब्दील हो जाती है। गंदे पानी से न केवल आवागमन बाधित होता है बल्कि घरों के अंदर गंदगी और बदबू भी फैल रही है। इस समस्या को लेकर हाल ही में आयोजित बैठक में वार्ड पार्षद सुनील अग्रवाल और वार्ड पार्षद शोभा दुबे ने गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रतनपुर का यह क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित है क्योंकि यह कांग्रेस का वार्ड होने की वजह से विकास कार्यों से वंचित रह गया है।

पार्षदों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत नाले की सफाई और उचित नाला निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। वहीं, क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
नगर की इस गंभीर समस्या पर अब सबकी नजर प्रशासन और जिम्मेदार विभागों पर टिकी हुई है।



