
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पार्टी संगठन में व्यापक बदलाव और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है। इस अभियान का प्रथम चरण पहले ही संपन्न किया जा चुका है, जिसमें सेक्टर एवं ज़ोन स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति हेतु विचार-विमर्श एवं बैठकों का आयोजन हुआ था। अब इस अभियान का दूसरा चरण आरंभ हो गया है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है।

इसी क्रम में रविवार को रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (नगर) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत करने वाले सभी कार्यकर्ताओं ने औपचारिक रूप से आवेदन पत्र प्रभारी के समक्ष सौंपे।

इस अवसर पर प्रमुख दावेदारों में शीतल जायसवाल, वादिर खान, रवि रावत, ताहिर अली, मदन कहरा, रामरतन भारद्वाज एवं रॉकी अनुरागी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी दावेदारी पेश की। बैठक में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में प्रभारी ने एक-एक करके सभी दावेदारों से मुलाकात की और उनके कार्य, संगठन के प्रति योगदान एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी विभिन्न दावेदारों को लेकर चर्चा की गई। बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण और लोकतांत्रिक रहा, जहां कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी राय रखी।

प्रभारी ने सभी दावेदारों की फाइल तैयार कर उनके नाम दर्ज किए और आवेदन पत्रों के साथ संपूर्ण जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने हेतु रवाना हो गए। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी इन नामों को दिल्ली भेजेगी, जिसके बाद पूरे प्रदेश में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति एक साथ दिल्ली से की जाएगी।
रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस की इस बैठक ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। सभी दावेदारों ने संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण की बात दोहराई और आगामी समय में कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
यह प्रक्रिया दर्शाती है कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है और ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी को नए उत्साह और नेतृत्व के साथ तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।



