खैरागढ़। माता संतोषी की भक्ति में डूबा, महिला उत्सव समिति द्वारा आयोजित महाआरती और भंडारा कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम तुरकारी_पारा में आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी और उत्साह ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम में थाली सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता और भक्ति भाव का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹3100 रानी विभा सिंह जी (राजपरिवार) द्वारा प्रदान किया गया, जबकि द्वितीय पुरस्कार ₹2100 विधायक प्रतिनिधि द्वारा प्रदान किया गया।
जिला रेडक्रॉस के उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि श्री भागवत शरण सिंह जी ने कार्यक्रम में कहा —
“माँ संतोषी का यह पंडाल भक्ति और श्रद्धा से सराबोर है। वर्षों से 9 दिनों तक खट्टे का त्याग बताता है कि तुरकारी पारा के श्रद्धालु माँ के प्रति कितनी गहरी आस्था रखते हैं। जब आज धर्म मनोरंजन का माध्यम बनता जा रहा है, ऐसे में माँ संतोषी का यह पंडाल पूरे नगर के लिए धार्मिक प्रेरणा का स्रोत है।”
इस अवसर पर स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार श्री प्राकृत शरण सिंह जी की स्मृति में भंडारे का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन निःस्वार्थ भाव से भंडारा चलता रहा, जिसमें बिना लहसुन-प्याज और खट्टाई के प्रसाद का वितरण किया गया।
महिला उत्सव समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत कर, उन्हें भोजन और प्रसाद परोसा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने माता संतोषी की भक्ति में तन, मन और धन से योगदान किया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।



