जशपुर। चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना 9 अक्टूबर की है, जब 36 वर्षीय पीड़िता अपने ससुराल से पैदल अपने मायके लौट रही थी। रास्ते में जंगल के बीच आरोपी निलेश राम भगत (22 वर्ष) ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और झाड़ियों में घसीटकर जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के चिल्लाने पर गांव की एक लड़की वहां पहुंची, जिसे देखकर आरोपी भाग गया। गांव की लड़की ने पीड़िता की मदद करते हुए उसे घर तक छोड़ा। अगले दिन पीड़िता ने चौकी सोनक्यारी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(1) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, आरक्षक विमल मिंज और नगर सैनिक शिवशंकर रवि की प्रमुख भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



