रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन आज पूरे प्रदेशभर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर के शंकर नगर बंगले में सुबह से ही शुभकामनाओं का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर भिलाई नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष और बोल बम समिति के संस्थापक दया सिंह अपने साथियों के साथ भव्य आयोजन में शामिल हुए। दया सिंह के नेतृत्व में भिलाई से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रायपुर पहुंचे। उन्होंने डॉ. रमन सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके हाथों से केक काटकर जन्मदिन मनाया।

कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह उत्साह, उमंग और भक्ति से भरा रहा। उपस्थित लोगों ने डॉ. रमन सिंह के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सशक्त नेतृत्व की निरंतरता की कामना की।
इस अवसर पर दया सिंह ने कहा कि डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के जननायक हैं जिन्होंने प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। उनके नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे प्रदेश के नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।






